सामने खड़ा था बाघ, ट्रक ड्राइवर के उड़े होश! बीजापुर-दंतेवाड़ा मार्ग पर टाइगर की दस्तक, गांवों में अलर्ट

दंतेवाड़ा, 11 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में बीजापुर-दंतेवाड़ा मार्ग पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रात के अंधेरे में एक ट्रक ड्राइवर के सामने अचानक बाघ आ गया। मासोड़ी के पास सड़क के बीचों-बीच खड़े बाघ पर जैसे ही ट्रक की हेडलाइट पड़ी, ड्राइवर के होश उड़ गए। उसने तत्काल ट्रक रोक दिया और वन विभाग को इसकी सूचना दी।

हेडलाइट की रोशनी में दिखा बाघ

जानकारी के मुताबिक, ट्रक चालक संतोष रात के समय बीजापुर से दंतेवाड़ा की ओर जा रहा था। मासोड़ी के पास पहुंचते ही उसकी गाड़ी की हेडलाइट सड़क पर खड़े बाघ पर पड़ी। अचानक सामने बाघ को देखकर वह घबरा गया और उसने वाहन को वहीं रोक दिया।

बाघ कुछ देर तक सड़क के बीचों-बीच खड़ा रहा। ड्राइवर ने हिम्मत जुटाकर मोबाइल से बाघ की तस्वीर भी ली। बाघ के जंगल की ओर चले जाने के बाद ही उसने अपना ट्रक आगे बढ़ाया।

अचानक बाघ देखकर डर गया ड्राइवर

ट्रक चालक ने बताया कि रात के अंधेरे में अचानक इतने करीब बाघ को देखकर वह डर गया था। बाघ ने भी हेडलाइट की रोशनी में पलटकर ट्रक की ओर देखा, लेकिन कुछ देर बाद शांत होकर जंगल की तरफ चला गया।

घटना की जानकारी ग्रामीणों और वन विभाग की टीम को दी गई। इसके बाद वन विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है।

खेतों में मिले बाघ के पंजों के निशान

बाघ के सड़क पर दिखाई देने के बाद वन विभाग की टीम ने आसपास के इलाकों में जांच की। इस दौरान खेतों में बाघ के पंजों के निशान भी मिले हैं। इसके बाद आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।

वन विभाग ने बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अलग-अलग स्थानों पर चार से अधिक ट्रैप कैमरे लगाए हैं। कैमरों के जरिए बाघ की आवाजाही और उसके संभावित रास्तों की लगातार निगरानी की जा रही है।

ग्रामीणों को किया गया अलर्ट

बाघ की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम जंगल और आसपास के खेतों में लगातार निगरानी कर रही है। ग्रामीणों को रात के समय अकेले जंगल या खेतों की ओर नहीं जाने और किसी भी वन्यजीव की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की सलाह दी गई है।

बीजापुर-दंतेवाड़ा मार्ग पर बाघ के दिखाई देने से इलाके में दहशत के साथ-साथ वन विभाग की सक्रियता भी बढ़ गई है। अब ट्रैप कैमरों से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बाघ लगातार इसी इलाके में घूम रहा है या जंगल के दूसरे हिस्से की ओर निकल गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *