जगदलपुर में सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाओं की ओर बड़ा कदमकांटिनेंटल छत्तीसगढ़ सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का नर्सिंग होम एक्ट समिति ने किया सघन निरीक्षण

जगदलपुर, 17 जनवरी 2026/
बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में चिकित्सा सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला कलेक्टर  हरिस एस के निर्देश पर जिला नर्सिंग होम एक्ट समिति ने डिमरापाल स्थित कांटिनेंटल छत्तीसगढ़ सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का पंजीयन प्रक्रिया के तहत सघन निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का उद्देश्य नर्सिंग होम एक्ट के अंतर्गत निर्धारित मानकों की जांच कर अस्पताल संचालन का मार्ग प्रशस्त करना है, जिससे क्षेत्रवासियों को उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
निरीक्षण के लिए गठित उच्चस्तरीय संयुक्त दल में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक, सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद, नर्सिंग होम एक्ट के नोडल अधिकारी डॉ. भंवर शर्मा सहित आईडीएसपी नोडल अधिकारी डॉ. वी.के. ठाकुर, जिला क्षय रोग एवं टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. रीना लक्ष्मी एवं पीसीपीएनडीटी की जिला निरीक्षण टीम शामिल रही। अधिकारियों ने अस्पताल परिसर का भ्रमण कर प्रबंधन के साथ उपलब्ध व्यवस्थाओं और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा विभागों की कार्यक्षमता का बारीकी से आकलन किया गया। टीम ने एमआरआई, सीटी स्कैन, अत्याधुनिक पैथोलॉजी लैब, आईसीयू तथा डायलिसिस वार्ड सहित अन्य आवश्यक चिकित्सा इकाइयों का निरीक्षण किया। साथ ही मरीजों की सेवा के लिए उपलब्ध मानव संसाधन एवं तकनीकी सुविधाओं की भी विस्तृत जांच की गई।
निरीक्षण दल द्वारा तैयार की गई विस्तृत रिपोर्ट जिला परिवेक्षी प्राधिकारी सह जिला कलेक्टर बस्तर को प्रस्तुत की जाएगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल के पंजीयन एवं संचालन संबंधी आगामी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उम्मीद की जा रही है कि इसके माध्यम से बस्तर अंचल को आधुनिक और उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *