जगदलपुर, 7 अक्टूबर 2026। जगदलपुर के धरमपुरा स्थित खेल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वन मंत्री केदार कश्यप ने बस्तर ओलंपिक 2026 के लिए स्वयं पंजीयन कराया। उन्होंने बस्तर ओलंपिक के शुभंकर के साथ फोटो भी खिंचवाई और युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस दौरान केदार कश्यप ने बस्तर ओलंपिक में अधिक से अधिक खेल प्रतिभाओं, युवाओं और महिलाओं के पंजीयन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक गांव-गांव की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बड़ा मंच है। हर गांव की प्रतिभा मैदान तक पहुंचे, इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जाने चाहिए।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में 3 लाख 91 हजार 289 खिलाड़ियों ने बस्तर ओलंपिक के लिए पंजीयन कराया था। इस वर्ष पिछले आंकड़े से दोगुने पंजीयन का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से अधिक से अधिक खिलाड़ियों को बस्तर ओलंपिक से जोड़ने की अपील की।
केदार कश्यप ने कहा कि ‘नया बस्तर’ की पहचान यहां के प्रतिभाशाली युवाओं से बनेगी। कार्यक्रम में चित्रकोट विधायक विनायक गोयल सहित कई जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।