समाचार

नेतानार में अमित शाह ने चखी बस्तर की इमली, बोले — यहां की इमली खट्टी नहीं बल्कि मीठी

शहीद वीर गुंडाधूर सेवा डेरा का उद्घाटन, डिजिटल सुविधाओं से जुड़ रहा अबूझमाड़ का ग्रामीण अंचल

जगदलपुर, 18 मई 2026/ केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार को दो दिवसीय बस्तर प्रवास पर जगदलपुर पहुंचे, जहां माँ दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, सांसद महेश कश्यप, विधायक किरण देव सहित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

इसके बाद अमित शाह बस्तर जिले के नेतानार स्थित सीआरपीएफ कैंप पहुंचे, जहां उन्होंने शहीद वीर गुंडाधूर सेवा डेरा (जन सुविधा केंद्र) का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने इमली प्रसंस्करण केंद्र का निरीक्षण कर स्व सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा की। महिलाओं ने बताया कि वे इमली प्रसंस्करण और बिक्री के माध्यम से अपनी आय बढ़ा रही हैं। बस्तर की इमली का स्वाद चखते हुए अमित Shah ने कहा कि “यहां की इमली खट्टी नहीं बल्कि मीठी है।”

गुंडाधूर महिला स्व सहायता समूह की सदस्य लंबी नाग ने बताया कि समूह से जुड़कर महिलाएं सालाना लगभग एक लाख रुपये तक आय अर्जित कर सकेंगी। यहां उच्च गुणवत्ता वाली इमली पल्प तैयार की जा रही है।

अमित शाह ने सेवा सेतु केंद्र का भी अवलोकन किया। ग्राम नेतानार की सुखदेवी ने बताया कि उन्होंने अपनी पांच माह की बेटी पद्मा का आधार कार्ड यहीं बनवाया है। पहले आधार से जुड़ी सुविधाओं के लिए 10 किलोमीटर पैदल चलकर नानगुर जाना पड़ता था, लेकिन अब गांव में ही आधार अपडेट, ई-आधार, केवाईसी और मोबाइल नंबर अपडेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

ग्रामीण महिला सोनामनी ने बताया कि महतारी वंदन योजना की ई-केवाईसी लंबे समय से नहीं करा पा रही थीं, लेकिन गांव में केंद्र खुलने से अब यह सुविधा आसानी से मिल गई है। केंद्र में जन्म, आय, जाति प्रमाण पत्र सहित विभिन्न ऑनलाइन सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जा रही हैं।

यहां महिलाओं को बैंक सखी प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, जिसके माध्यम से गांव में ही बैंकिंग सुविधाएं, खाता संचालन, केवाईसी और स्व सहायता समूहों से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध होंगी।

केंद्रीय गृह मंत्री ने सिलाई प्रशिक्षण केंद्र और धान डेकी प्रशिक्षण केंद्र का भी निरीक्षण किया। प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं महिलाओं ने बताया कि इससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकासशील एवं अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *