जगदलपुर 23 जुलाई 2026 बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह ने नगरीय प्रशासन विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य, पर्यावरण संरक्षण और बेहतर नागरिक सेवाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में कमिश्नर ने सभी नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों को नियमित सफाई, कचरा संग्रहण और उसके वैज्ञानिक निपटान की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए स्वच्छता अभियान को लगातार गति दी जाए।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन हितग्राहियों ने अभी तक अपने मकान का निर्माण शुरू नहीं किया है, उनकी काउंसलिंग कर उन्हें पक्का आवास बनाने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ देने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कमिश्नर ने प्रत्येक नगरीय निकाय में व्यापक पौधरोपण अभियान चलाने और हर घर तक कम से कम दो पौधे निःशुल्क पहुंचाने की बात कही। उन्होंने पौधों के संरक्षण को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देते हुए उन्होंने नगरीय निकायों के स्कूलों में डिजिटल माध्यम से पढ़ाई की व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा सकती है।
समीक्षा बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी विशेष जोर दिया गया। कमिश्नर ने सभी विकास और अधोसंरचना परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा तकनीकी मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होंने मुख्य सड़कों से आवारा मवेशियों को हटाने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी नगरीय निकायों में कांजी हाउस स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह कार्य पूरी जवाबदेही के साथ किया जाना चाहिए।
बैठक में संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन विभाग जयंत सिन्हा, नगर निगम आयुक्त जगदलपुर प्रवीण वर्मा सहित बस्तर संभाग के सभी नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी उपस्थित रहे।