बस्तर, 14 मार्च।
नगरनार थाना क्षेत्र के ग्राम मारकेल में धारदार लोहे का हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गांव के पास सड़क किनारे हथियार लहराकर लोगों को भयभीत कर रहा था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
जानकारी के अनुसार 12 मार्च को मारकेल रोड पर चिंगडु ट्रैक्टर गैरेज के सामने एक युवक हाथ में धारदार लोहे का हथियार लेकर लोगों को धमका रहा था और आसपास के लोगों को डराने की कोशिश कर रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू यादव (32 वर्ष) निवासी ग्राम मारकेल के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार लोहे का हथियार बरामद किया गया, जिसे जब्त कर लिया गया।
मामले में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत यह कार्रवाई की गई।
धारदार हथियार लहराकर लोगों को धमकाने वाला युवक गिरफ्तार, गांव में फैला रहा था दहशत