सिर के घाव पर टांकों की जगह ठोंक दी स्टेपलर पिन! वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप

14मार्च2026

बिहार के नवादा जिले से इलाज के नाम पर लापरवाही और अमानवीयता का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक घायल युवक के सिर में टांकों की जगह स्टेपलर की पिन लगा दी गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्वास्थ्य विभाग भी हरकत में आ गया।
जानकारी के अनुसार वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के नरोमुरार गांव का एक युवक 3 मार्च को एक हादसे में घायल हो गया था। दुर्घटना में उसके सिर पर गहरा घाव हो गया और काफी खून बहने लगा। इलाज के लिए वह गांव के एक स्थानीय डॉक्टर के पास पहुंचा, जहां उसके सिर के जख्म को टांकों से सिलने के बजाय स्टेपलर पिन से बंद कर दिया गया।
कुछ दिनों बाद युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें उसके सिर पर स्टेपलर की पिन साफ दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले का संज्ञान लिया है।
नवादा के सिविल सर्जन विनोद कुमार चौधरी ने कहा कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच के आदेश दे दिए गए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह काम किसी ग्रामीण इलाके के झोलाछाप डॉक्टर द्वारा किया गया है। उन्होंने कहा कि कोई भी एमबीबीएस डॉक्टर इस तरह का इलाज नहीं करता।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है और दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *