कांकेर, 14 मार्च:
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में छह साल की एक मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। घटना के बाद लोगों में गहरा आक्रोश है और बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रही हैं। महिलाओं ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग करते हुए जोरदार रैली निकाली।
बताया जा रहा है कि यह घटना कांकेर कोतवाली थाना क्षेत्र की है। जैसे ही मामला सामने आया, शहर में रोष का माहौल बन गया। महिलाओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और न्याय दिलाने के लिए नारे लगाए।
प्रदर्शन के बाद महिलाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि दोनों आरोपियों को कड़ी सजा दी जाए और मामले की सुनवाई तेजी से कर पीड़ित बच्ची को जल्द न्याय दिलाया जाए। साथ ही बच्ची और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं का कहना है कि मासूम के साथ हुई यह घटना बेहद शर्मनाक और अमानवीय है। उनका कहना है कि यदि ऐसे अपराधियों को सख्त सजा नहीं दी गई तो समाज में इस तरह के अपराध बढ़ते जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति भी ऐसे अपराधों को बढ़ावा दे रही है, जिस पर सख्ती से रोक लगाना जरूरी है।
महिलाओं ने साफ कहा कि दोषियों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए ताकि समाज में सख्त संदेश जाए और भविष्य में कोई भी ऐसा अपराध करने से पहले सौ बार सोचे।
प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और कानून के अनुसार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में इस घटना को लेकर लोगों में गहरा गुस्सा और बेचैनी बनी हुई है।
कांकेर में मासूम से दरिंदगी पर फूटा जनाक्रोश, महिलाओं का उबाल—सड़कों पर उतरकर आरोपियों को फांसी देने की मांग