जगदलपुर17नवंबर2026/ बस्तर जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का अच्छा अवसर सामने आया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, जगदलपुर द्वारा 18 नवंबर को एक दिवसीय विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले के माध्यम से विभिन्न निजी कंपनियों में कुल 96 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा।
रोजगार मेला सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक आड़ावाल स्थित जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र परिसर में आयोजित होगा। यह स्थान क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के पास है।
इन पदों पर होगी भर्ती
रोजगार मेले में सिक्योरिटी गार्ड, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, क्वालिटी कंट्रोल इंजीनियर, केमिस्ट, क्लीनर, ड्राइवर, हाउसकीपर, कंप्यूटर ऑपरेटर और सेल्स मैनेजर सहित विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
12 से 40 हजार रुपये तक वेतन
इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता अनपढ़ से लेकर 10वीं, 12वीं, स्नातक और कृषि स्नातक तक निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को पद एवं योग्यता के अनुसार 12 हजार से 40 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिल सकेगा।
ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य
रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
अभ्यर्थियों को 18 नवंबर को अपने शैक्षणिक दस्तावेजों की मूल प्रति एवं छायाप्रति, आधार कार्ड, रोजगार पंजीयन कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और मोबाइल नंबर के साथ निर्धारित समय पर रोजगार कार्यालय पहुंचना होगा।
युवाओं के लिए यह रोजगार मेला निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का अवसर लेकर आया है।