ज्ञानगुड़ी की कृष्णा सेन ने रचा सफलता का इतिहास, एमबीबीएस में हुआ चयन; कलेक्टर ने टैबलेट देकर किया सम्मानित

जगदलपुर, 16 सितंबर 2026। बस्तर के दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों के लिए संचालित ज्ञानगुड़ी केंद्र एक बार फिर बड़ी सफलता का गवाह बना है। ज्ञानगुड़ी से निःशुल्क मार्गदर्शन और कोचिंग प्राप्त करने वाली बांदे की छात्रा कृष्णा सेन का एमबीबीएस पाठ्यक्रम में चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि पर बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा ने मुलाकात कर छात्रा की मेहनत और प्रतिभा की सराहना की तथा प्रोत्साहन स्वरूप उन्हें टैबलेट भेंट किया।

ज्ञानगुड़ी के विद्यार्थियों ने इस वर्ष भी शानदार प्रदर्शन किया है। काउंसलिंग के पहले चरण में ही केंद्र के विद्यार्थियों ने राज्य की चार महत्वपूर्ण एमबीबीएस सीटों पर चयन हासिल किया है। यह उपलब्धि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले उन विद्यार्थियों के लिए खास मायने रखती है, जिन्हें सीमित संसाधनों के कारण उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयासों से संचालित ज्ञानगुड़ी में आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को विभिन्न व्यावसायिक एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराई जाती है। यहां नीट, नर्सिंग और पीएटी के साथ-साथ एसएससी, रेलवे और बैंकिंग जैसी परीक्षाओं के लिए भी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है।

कृष्णा सेन के सम्मान के अवसर पर सहायक कलेक्टर यशवंत नाइक, जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल, एपीसी राकेश खापर्डे, ज्ञानगुड़ी नोडल अधिकारी अलेक्जेंडर एम. चेरियन तथा संजीव बिस्वास उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कृष्णा सेन को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और उनकी सफलता को क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *