तोकापाल के दुर्गम गाटम गांव में पहले ही दिन पूरी हुई जनगणना, प्रगणक दिगेश्वर पोर्ते की मेहनत बनी मिसाल

2मई2029

जगदलपुर। बस्तर जिले में जनगणना अभियान की शुरुआत के साथ ही तोकापाल विकासखंड के ग्राम गाटम से एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। जिले के कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशन में शुरू हुए इस महत्वपूर्ण अभियान के पहले ही दिन गाटम गांव के एक गणना ब्लॉक का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया, जिसने प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया।
इस उपलब्धि के केंद्र में रहे प्रगणक दिगेश्वर पोर्ते, जिन्होंने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और दुर्गम रास्तों के बावजूद अपने दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाया। सुबह तड़के उठकर नाला पार करते हुए गांव तक पहुंचना और विषम क्षेत्र में गणना कार्य को समय पर पूर्ण करना उनकी कार्यनिष्ठा और समर्पण को दर्शाता है। उन्हें कुल तीन गणना ब्लॉक सौंपे गए हैं, जिनमें सबसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र का कार्य उन्होंने प्राथमिकता के साथ पूरा किया।
ग्राम गाटम में पहले दिन ही जनगणना कार्य पूरा होने की सूचना राज्य स्तर तक पहुंची, जिसके बाद प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। डिप्टी कलेक्टर, राज्य एवं जिला मास्टर ट्रेनर, एसडीएम, तहसीलदार सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थल निरीक्षण कर दिगेश्वर पोर्ते के कार्यों की सराहना की।
अधिकारियों ने इसे जिले के लिए प्रेरणास्पद पहल बताते हुए अन्य प्रगणकों को भी इसी समर्पण और तत्परता के साथ अपने क्षेत्रों में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। भीषण गर्मी के बीच जिलेभर में प्रगणक सुबह से ही घर-घर पहुंचकर जनगणना कार्य को गति दे रहे हैं।
बस्तर जिले में जनगणना के पहले दिन की यह सफलता प्रशासनिक तैयारी, फील्ड कर्मचारियों की प्रतिबद्धता और बेहतर समन्वय का सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *