नारायणपुर27जून2026 /छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप ने नारायणपुर प्रवास के दौरान पुनर्वास केंद्र पहुंचकर हिंसा का रास्ता छोड़ मुख्यधारा से जुड़े युवाओं से आत्मीय संवाद किया। दोनों मंत्रियों ने पुनर्वासित युवाओं को सम्मानजनक जीवन, आत्मनिर्भरता और क्षेत्र के विकास में सक्रिय भागीदारी का संदेश देते हुए उनकी समस्याएं सुनीं तथा रोजगार, कौशल विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने युवाओं से आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, बैंक खाते सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों और शासकीय सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पुनर्वासित युवक-युवती को आत्मनिर्भर बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
उन्होंने युवाओं से जेल में बंद अपने पूर्व साथियों को भी पुनर्वास योजना का लाभ लेने और हिंसा का रास्ता छोड़कर विकास की धारा से जुड़ने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शांति और विकास ही बस्तर के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।
बैठक के दौरान पुनर्वास केंद्र में चल रहे कौशल विकास प्रशिक्षण की भी समीक्षा की गई। महिलाओं द्वारा मोटर वाहन ड्राइविंग का प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की उप मुख्यमंत्री ने सराहना की।
युवाओं ने अपने खेतों में सिंचाई के लिए बोर की आवश्यकता बताई, जिस पर श्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहीद परिवारों और पुनर्वासित युवाओं का सर्वे कराकर उनके खेतों में सिंचाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वे खेती के माध्यम से स्थायी आजीविका अर्जित कर सकें।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पेसा अधिनियम को और अधिक प्रभावी बना रही है। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि आदिवासी समाज ने देश और बस्तर के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। अब समय बस्तर को शांति, विकास और समृद्धि की नई दिशा देने का है। उन्होंने कहा कि हिंसा छोड़कर मुख्यधारा से जुड़ने वाले युवाओं ने सकारात्मक बदलाव की शुरुआत की है और अब सभी को मिलकर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी., कांकेर कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, नारायणपुर पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया सहित जिला प्रशासन, पुलिस एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यधारा की ओर बढ़ता बस्तर: पुनर्वासित युवाओं से मिले विजय शर्मा और केदार कश्यप, विकास में भागीदार बनने का दिया मंत्र