जगदलपुर, 23 जून। नगरनार थाना क्षेत्र के खुटपदर में 22 जून सोमवार की देर शाम एक हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। फूटपदर स्थित एक ढाबे के सामने ट्रक मालिक और उसके पूर्व चालक के बीच चल रहा विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। विवाद के दौरान तलवारबाजी की भी घटना सामने आई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, 23 जून की शाम हुए इस विवाद में तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही नगरनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, वहीं दोनों पक्षों ने नगरनार थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट और हथियारों के साथ हंगामा करते लोग दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर घटना की जांच कर रही है और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक मालिक और उसके पूर्व चालक के बीच किसी पुराने विवाद को लेकर तनाव चल रहा था। सोमवार शाम यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खुटपदर में हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया था। हालांकि पुलिस की तत्परता से स्थिति को जल्द नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।