बाथरूम में घुसा तेंदुआ, 3 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पकड़ा गया

बिलासपुर बलौदाबाजार वन मंडल के सोनाखान गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ ग्रामीण के घर में घुसकर बाथरूम में जा छिपा। सूचना मिलते ही कानन पेंडारी की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और करीब तीन घंटे तक चले अभियान के बाद तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, कानन प्रबंधन को सुबह करीब 8 बजे सूचना मिली थी कि सोनाखान गांव के एक मकान के बाथरूम में तेंदुआ घुस गया है। इसके बाद पशु चिकित्सक डॉ. पीके चंदन अपनी टीम के सदस्य सोन, अजय और मानस के साथ मौके पर पहुंचे।
रेस्क्यू टीम ने सावधानीपूर्वक ट्रेंकुलाइजर गन का इस्तेमाल कर तेंदुए को बेहोश किया और उसे बाहर निकाला। जांच के दौरान तेंदुए के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि ग्रामीणों ने भयवश उस पर हमला किया होगा।
तेंदुए को उपचार के लिए रायपुर स्थित जंगल सफारी भेजा गया है। स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार के बाद उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाएगा। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल रहा, वहीं वन विभाग ने ग्रामीणों से वन्यजीवों को नुकसान न पहुंचाने और तुरंत विभाग को सूचना देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *