शहीद सोढ़ी नारायण के परिजनों से मिले कलेक्टर-SP, तिरंगा भेंट कर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का किया शुभारंभ

बीजापुर, 08 अगस्त 2026। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत  7अगस्त को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने वीर शहीद स्वर्गीय सोढ़ी नारायण के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भेंट किया। इस दौरान जिले में अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई।

कलेक्टर बीजापुर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता और जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता चौबे शहीद सोढ़ी नारायण के निवास पहुंचे। अधिकारियों ने शहीद के परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका सम्मान किया और उन्हें ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सहभागी बनने का आग्रह किया।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, संविधान के प्रति सम्मान और वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान को याद करने का अवसर है। शहीद परिवारों का सम्मान करना समाज और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उनके बलिदान से आने वाली पीढ़ियों को देश के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलती है।

जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा आगामी दिनों में जिले के विभिन्न ग्रामों, शहरी क्षेत्रों, शैक्षणिक संस्थानों, शासकीय कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज संहिता का पालन करते हुए अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान नगरपालिका उपाध्यक्ष भुवन सिंह चौहान, पार्षद मुन्ना ताती, एसडीएम जागेश्वर कौशल और तहसीलदार पंचराम सलामे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *