जन्मदिन की पार्टी के बाद मजदूर की हत्या, सुबह मौरंग के ढेर पर मिला खून से लथपथ शव

लखनऊ14सितम्बर 2026/राजधानी लखनऊ के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र में जन्मदिन समारोह के बाद एक मजदूर की गला रेतकर हत्या का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह उसका शव मौरंग के ढेर पर पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान 32 वर्षीय रामबाबू मौर्य के रूप में हुई है। वह मूल रूप से काकोरी के गोला कुआं गांव का रहने वाला था और कृष्णा नगर इलाके में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।

पुलिस के मुताबिक, रविवार रात बरिगवां क्षेत्र की झोपड़पट्टी में शुभम की बेटी का जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया था। समारोह में कुछ लोग शराब के नशे में थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद होने की आशंका है। इसके बाद रामबाबू की गला रेतकर हत्या कर दी गई।

हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *