विश्व पोहा दिवस पर नागपुर में बना रिकॉर्ड, 3,000 किलो तरी पोहा पकाकर शेफ ने बढ़ाया शहर का मान

7जून2026

नागपुर। विश्व पोहा दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र के नागपुर में एक अनोखा और ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया गया। प्रसिद्ध शेफ विष्णु मनोहर ने विशाल कड़ाही में एक साथ 3,000 किलोग्राम नागपुरी तरी पोहा तैयार कर सबको हैरान कर दिया। इस आयोजन का उद्देश्य नागपुर के पारंपरिक और लोकप्रिय व्यंजन तरी पोहा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना था।

शेफ विष्णु मनोहर ने बताया कि नागपुर का तरी पोहा मध्य भारत की शान और यहां के लोगों का पसंदीदा नाश्ता है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति नागपुर आए, उसे एक बार तरी पोहा जरूर चखना चाहिए। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी मसालेदार तरी (ग्रेवी) है, जो प्रोटीन से भरपूर काले चने से बनाई जाती है और इसे अन्य प्रकार के पोहे से अलग बनाती है।

हर साल 7 जून को मनाए जाने वाले विश्व पोहा दिवस का उद्देश्य इस पारंपरिक भारतीय व्यंजन को वैश्विक पहचान दिलाना है। माना जाता है कि पोहे की शुरुआत महाराष्ट्र क्षेत्र से हुई, जबकि मध्य प्रदेश के इंदौर ने इसे अपनी अलग पहचान दी। आज देशभर में नागपुरी तरी पोहा, कंदा पोहा, दही पोहा और कई अन्य रूप लोकप्रिय हैं।

पोषक तत्वों से भरपूर पोहा हल्का, आसानी से पचने वाला और बजट फ्रेंडली नाश्ता माना जाता है। आयरन और कार्बोहाइड्रेट से भरपूर होने के कारण यह सुबह शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है। यही वजह है कि अब पोहा भारत के साथ-साथ विदेशों में भी हेल्दी ब्रेकफास्ट के रूप में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *