सूरजपुर, 1 फरवरी 2026।
जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरभंज इलाके में एक महिला की नृशंस हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या का आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतका के पति का सगा भांजा निकला, जो बीते कुछ वर्षों से महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान पिंकी सोलंकी के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब नौ वर्ष पूर्व भैसामुंडा निवासी शिवदास से हुई थी। शादी के बाद दंपत्ति रोजगार की तलाश में अंबिकापुर आकर रहने लगे, जहां उनकी एक बेटी भी हुई। इसी दौरान शिवदास का भांजा हेमंत काम की तलाश में उनके संपर्क में आया और बाद में उनके साथ ही रहने लगा।
जांच में सामने आया है कि कुछ वर्ष पूर्व पिंकी अपने पति और बेटी को छोड़कर आरोपी हेमंत के साथ अलग रहने लगी थी। दोनों के रिश्ते आगे बढ़े और उनसे एक बच्चा भी हुआ। हालांकि पिछले कुछ महीनों से आपसी विवाद और शक के चलते दोनों के संबंध बिगड़ गए थे और वे अलग-अलग रहने लगे थे, लेकिन फोन पर संपर्क बना हुआ था।
पुलिस के अनुसार आरोपी हेमंत पिंकी के सोशल मीडिया इस्तेमाल और अन्य लोगों से बातचीत को लेकर काफी नाराज रहता था। इसी शक और तनाव के चलते उसने महिला की हत्या की साजिश रची। 29 जनवरी को अपने जन्मदिन के बहाने आरोपी पिंकी को घुमाने के लिए मोरभंज लेकर गया। वहां समय बिताने के बाद वह उसे एक सुनसान जगह पर ले गया।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने पहले दुपट्टे से महिला का गला घोंटा। इसके बाद उसे आशंका हुई कि महिला जीवित हो सकती है, तो उसने चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
महिला का शव मिलने के बाद जयनगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल और स्थानीय जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
जयनगर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं रही।
यह घटना एक बार फिर रिश्तों की जटिलता, अवैध संबंधों और पारिवारिक विवादों से उपजे अपराधों की भयावह तस्वीर सामने लाती है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है ताकि किसी भी तथ्य को नजरअंदाज न किया जाए।
जन्मदिन पर घुमाने ले गया, फिर दुपट्टे से गला घोंट कर की हत्यालिव-इन पार्टनर की बेरहमी से हत्या, आरोपी भांजा गिरफ्तार