जगदलपुर, 1 फरवरी 2026।
जिला बस्तर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना नगरनार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए उड़ीसा से गांजा तस्करी कर मध्यप्रदेश ले जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना नगरनार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धनपुंजी फारेस्ट नाका, राष्ट्रीय राजमार्ग-63 पर नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। आरोपी जगदलपुर की ओर जाने वाले किसी वाहन में बैठने की फिराक में था। पुलिस नाकाबंदी को देखकर वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद काले रंग के पीठ्ठू बैग से 02 पैकेट में भरा कुल 10.980 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। जप्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 49 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से 530 रुपये नगद भी जप्त किए गए। कुल जप्त संपत्ति का मूल्य 5,49,530 रुपये है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जप्त गांजा को उड़ीसा से लेकर राजगढ़, मध्यप्रदेश ले जा रहा था। आरोपी की पहचान संतोष बसोड़ (26 वर्ष) निवासी ग्राम मलावर, थाना मलावर, जिला राजगढ़ (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 22/2026, धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। बाद में आरोपी को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किए जाने की प्रक्रिया की गई।
बताया गया कि सरहदी उड़ीसा राज्य से छत्तीसगढ़ की ओर हो रही अवैध गांजा तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से तस्करों के नेटवर्क पर करारा प्रहार माना जा रहा है।
उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था गांजानगरनार पुलिस ने 11 किलो गांजा के साथ तस्कर को दबोचा**