जगदलपुर, 1 फरवरी 2026।
बस्तर पुलिस को चोरी की वारदातों के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कोतवाली क्षेत्र के सन सिटी और बोधघाट अंतर्गत वृंदावन कॉलोनी में सुने मकानों से हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के चार आरोपियों को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में पंजाब के दो और भिलाई के दो निवासी शामिल हैं, जिन्होंने मिलकर शहर के रिहायशी इलाकों में सूने मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। आरोपियों के विरुद्ध दर्ज मामलों की जांच में सामने आया है कि इनमें से एक आरोपी के खिलाफ पहले से सात से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15 लाख रुपये मूल्य की चोरी की संपत्ति बरामद की है। जप्त सामान में सोने के मंगलसूत्र, चैन, लॉकेट, अंगूठियां, कान के रिंग, चांदी की पायल, चांदी की गणेश एवं दुर्गा प्रतिमा, नगद राशि 70 हजार रुपये, एक बोलेरो वाहन और तीन मोबाइल फोन शामिल हैं।
जांच में पता चला है कि 29 जनवरी 2026 की रात आरोपियों ने पहले बोधघाट क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी में एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए चांदी की मूर्तियां और नगदी चोरी की। इसके बाद सन सिटी कॉलोनी में एक अन्य सूने मकान से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ किया।
आरोपी छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के बाद उड़ीसा बॉर्डर पार कर आंध्रप्रदेश की ओर फरार होने की योजना बना रहे थे। चोरी की रकम से मौज-मस्ती करने की तैयारी थी। इसी दौरान 31 जनवरी 2026 को पुनः चोरी की नीयत से जगदलपुर पहुंचे आरोपियों को मुखबिर सूचना, तकनीकी साक्ष्य और वारदात के तरीके के आधार पर हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि वे चोरी के दौरान वॉकी-टॉकी का उपयोग करते थे। एक आरोपी घर के अंदर ताला तोड़कर चोरी करता था, जबकि दूसरा बाहर खड़ा होकर निगरानी रखता और वॉकी-टॉकी के जरिए सूचना देता था।
पुलिस ने आरोपियों से चोरी गया पूरा माल, वारदात में प्रयुक्त वाहन और औजार जब्त कर सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। बस्तर पुलिस का कहना है कि संगठित अपराधों पर सख्ती जारी रहेगी और शहर में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
घंटे में अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का पर्दाफाशसुने मकानों को निशाना बनाने वाले 4 शातिर चोर गिरफ्तार, 15 लाख की संपत्ति बरामद