रायपुर, 23 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ की अनूठी लोक परंपरा और रामनामी समुदाय की आस्था को दर्शाने वाली डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘राम-नामी’ को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र का सम्मान मिला है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फिल्म के निर्देशक भरतबाला गणपति समेत पूरी टीम को बधाई दी है।
रामनामी समुदाय अपनी विशिष्ट रामभक्ति और शरीर पर ‘राम’ नाम अंकित कराने की परंपरा के लिए जाना जाता है। समुदाय के लिए रामनाम केवल धार्मिक विश्वास नहीं, बल्कि उनकी सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान से भी जुड़ा हुआ है।
फिल्म ‘राम-नामी’ में इसी अनूठी आस्था, परंपरा और जीवनशैली को केंद्र में रखते हुए समुदाय की सांस्कृतिक विरासत को सामने लाया गया है। राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और परंपराओं को भी व्यापक पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि रामनामी समुदाय की आस्था और परंपरा पर बनी फिल्म को राष्ट्रीय सम्मान मिलना प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए गौरव की बात है।
सीएम साय ने निर्देशक भरतबाला गणपति और फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसी रचनात्मक पहलें छत्तीसगढ़ की विशिष्ट लोक परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने में मदद करती हैं।