बाढ़ पीड़ितों के स्वास्थ्य की सुरक्षा में जुटा प्रशासन

जगदलपुर और नगरनार के राहत शिविरों में स्वास्थ्य दलों ने किया परीक्षण, बांटी दवाइयां

जगदलपुर, 26 सितंबर 2026/ बस्तर क्षेत्र में भारी बारिश के चलते उत्पन्न बाढ़ की स्थिति के बीच स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार मुस्तैद होकर पीड़ितों की सेवा में लगा हुआ है। बाढ़ प्रभावित नागरिकों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. मैत्री सहित शहरी स्वास्थ्य विभाग की टीम और स्थानीय मितानिनों ने जगदलपुर शहर के विभिन्न राहत शिविरों का सघन दौरा किया। स्वास्थ्य दल ने भगत सिंह वार्ड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भैरमगंज हायर सेकेंडरी स्कूल, पंचपथ तथा प्रवीरचंद्र वार्ड के पनारापारा हायर सेकेंडरी स्कूल में बने शिविरों में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान शिविरों में शरण लिए हुए बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा मौसमी बीमारियों व संक्रमण से बचाव के लिए जरूरतमंद मरीजों को मौके पर ही आवश्यक दवाइयों का निशुल्क वितरण किया गया। इसी क्रम में नगरनार क्षेत्र में भी राहत एवं बचाव कार्य तत्परता से जारी हैं, जहां नदी बोड़ना गांव के जलभराव से प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित निकालकर नगरनार स्थित शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए राहत शिविर में पहुंचाया गया है। यहां ठहरे सभी प्रभावितों की सेहत की जांच कर उन्हें तुरंत दवाइयां दी गईं, ताकि विषम परिस्थितियों में किसी भी प्रकार की संक्रामक बीमारी के फैलाव को समय रहते रोका जा सके। स्वास्थ्य टीमें लगातार सभी शिविरों की निगरानी कर रही हैं और प्रभावितों को स्वच्छ पेयजल, ओआरएस एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *