सोनारपाल में NH-30 पर कई फीट पानी में फंसे थे करीब 5 ट्रक, प्रशासन और ग्रामीणों की मदद से सभी को निकाला गया सुरक्षित
जगदलपुर, 26 सितम्बर 2026। बस्तर संभाग में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीचशुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर सोनारपाल के पास अचानक आई बाढ़ ने कई ट्रक चालकों और परिचालकों की मुश्किलें बढ़ा दीं। सड़क पर कई फीट पानी भर जाने के कारण करीब 5 ट्रक बाढ़ के पानी में फंस गए। पानी का जलस्तर लगातार बढ़ने से चालक और परिचालक ट्रकों की छतों पर चढ़कर मदद का इंतजार करने लगे।
बताया गया कि फंसे चालकों के पास भोजन और पीने के पानी की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। संकट की स्थिति में उन्होंने ट्रकों की छतों से वीडियो बनाकर प्रशासन से तत्काल मदद की अपील की। सोशल मीडिया और संचार माध्यमों से सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल सक्रिय हुआ।
रेस्क्यू टीम स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से मौके पर पहुंची और तेज बहाव के बीच बचाव अभियान शुरू किया। लाइफ जैकेट और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की मदद से टीम ने सभी फंसे चालकों और परिचालकों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू के बाद सभी लोगों को सुरक्षित स्थान पर स्थित गणेश मंदिर ले जाया गया। यहां प्रशासन और ग्रामीणों की ओर से उनके ठहरने, सूखे कपड़े, गर्म भोजन और पीने के पानी की व्यवस्था की गई।
समय पर मदद मिलने से बड़ा हादसा टल गया। सुरक्षित बाहर निकाले गए चालकों ने रेस्क्यू टीम, पुलिस-प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों का आभार जताया। उन्होंने बताया कि लगातार बढ़ते पानी के बीच स्थिति बेहद चिंताजनक हो गई थी और समय पर पहुंची राहत टीम ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया।