16 और 18 नवंबर को चलाए गए सर्चिंग अभियान में मिली सफलता, जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में छिपाकर रखे गए थे हथियार और गोला-बारूद
दंतेवाड़ा, 19 नवंबर 2026। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा में सुरक्षा बलों को सर्चिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। जिले के जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखे गए हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री का डम्प बरामद किया गया है। इसमें एके-47 रायफल, दो बीजीएल लॉन्चर बंदूक समेत कई हथियार शामिल हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में लगातार एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 16 नवंबर 2026 को थाना बारसूर क्षेत्र के ग्राम वाकेली के जंगल में तथा 18 नवंबर 2026 को ग्राम बुरदुम के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा सर्चिंग अभियान चलाया गया। आत्मसमर्पित नक्सलियों और स्थानीय मुखबिरों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर इन क्षेत्रों में संयुक्त अभियान संचालित किए गए।
इस दौरान जिला बल, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और सीआरपीएफ की संयुक्त टीमों ने सर्चिंग की। अभियान के दौरान जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखे गए डम्प का पता चला। सुरक्षा बलों ने मौके से बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामग्री बरामद की।
AK-47, दो BGL लॉन्चर समेत हथियारों की बरामदगी
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, बरामद सामग्री में एक एके-47 रायफल, एक मैगजीन और 25 राउंड, एक .303 रायफल, दो बीजीएल लॉन्चर बंदूक, एक 315 बोर बंदूक और एक भरमार बंदूक शामिल हैं। इसके अलावा 34 .303 राउंड, 28 बीजीएल राउंड, 7 बीजीएल सेल, एक वॉकी-टॉकी सेट, लगभग 5 मीटर कोडेक्स वायर, एक कुकर बम और वॉकी-टॉकी चार्जर भी बरामद किया गया है। सूची में देशी निर्मित ग्रेनेड का भी उल्लेख किया गया है।
बरामद हथियारों और अन्य सामग्री को सुरक्षा बलों ने अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिले में सर्चिंग अभियान जारी
दंतेवाड़ा पुलिस के अनुसार, जंगलों और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में पहले से छिपाकर रखे गए हथियारों, गोला-बारूद और अन्य सामग्री की बरामदगी के लिए अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने आम नागरिकों से क्षेत्र में किसी भी प्रकार की नक्सल गतिविधि से संबंधित जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की है।