गंगरेल में अनोखी परंपरा: 1600 महिलाओं ने निभाई रस्म, बैगा के गुजरने से पूरी होती है मन्नत की मान्यता

धमतरी, 14 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के गंगरेल में मां अंगारमोती के दरबार में दीपावली के बाद पहले शुक्रवार को पारंपरिक मड़ई मेले का आयोजन हुआ। मेले में संतान सुख की कामना और मन्नत लेकर छत्तीसगढ़ के अलग-अलग क्षेत्रों के साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा से भी बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं।

मेले की सबसे चर्चित परंपरा में 1600 से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लिया। मान्यता के अनुसार, महिलाएं जमीन पर लेटती हैं और मुख्य बैगा उनके ऊपर से गुजरते हुए मंदिर की ओर जाते हैं। स्थानीय आस्था है कि इस रस्म में जिस महिला के ऊपर से बैगा का पैर गुजरता है, उसकी संतान सुख की मनोकामना पूरी होती है।

मेले में महिलाएं नारियल और फूल लेकर मंदिर पहुंचीं। विशेष पूजा-अर्चना के बाद मुख्य बैगा ने देवी स्वरूप धारण किया। इसके साथ ही आसपास के 52 गांवों के देवी-देवताओं के देव विग्रह भी मड़ई में शामिल हुए। देवी-देवताओं के आगमन की परंपरा पूरी होने के बाद महिलाओं ने जमीन पर लेटकर इस रस्म में हिस्सा लिया।

बताया जाता है कि पिछले साल करीब 1200 महिलाओं ने इस परंपरा में भाग लिया था, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 1600 से अधिक हो गई। मेले में हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही।

करीब 600 साल पुरानी आस्था से जुड़ा है मंदिर

गंगरेल की पहाड़ियों के बीच स्थित मां अंगारमोती मंदिर का इतिहास करीब 600 साल पुराना बताया जाता है। मान्यता है कि माता का प्राचीन स्वरूप मनकेशरी गांव के जंगलों में स्वयं प्रकट हुआ था। वर्ष 1972 में गंगरेल बांध के निर्माण के दौरान मनकेशरी गांव जलमग्न हो गया, जिसके बाद माता को वर्तमान स्थल पर स्थापित किया गया।

मां अंगारमोती को स्थानीय परंपरा में मां विंध्यवासिनी और मां मनकेशरी की बहन के रूप में भी पूजा जाता है। हर साल दीपावली के बाद पहले शुक्रवार को लगने वाला यह मड़ई मेला क्षेत्र की धार्मिक आस्था और लोकपरंपरा का प्रमुख आयोजन माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *