रात में अज्ञात व्यक्ति ने Excavator और Crane के इंजन को बनाया निशाना, सुरक्षा गार्डों ने बुझाई आग; पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
बचेली, 11 अगस्त 2026। दंतेवाड़ा जिले के बचेली थाना क्षेत्र में कल्पतरु कंपनी की साइट पर रात के समय दो भारी मशीनों में आग लगाए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति ने साइट पर खड़ी एक Excavator मशीन और एक Crane मशीन के इंजन में आग लगाई। आसपास तैनात सुरक्षा गार्डों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घटनास्थल के निरीक्षण और आसपास के लोगों से पूछताछ के दौरान फिलहाल घटना का नक्सल कनेक्शन सामने नहीं आया है। मौके से किसी भी प्रकार का नक्सली पर्चा भी बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। घटना के पीछे किसका हाथ है और आग लगाने का उद्देश्य क्या था, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए उनकी तलाश में जुटी है।