पोलावरम 19नवंबर2026/(आंध्र प्रदेश)। आंध्र प्रदेश के जंगलों में पुलिस और सुरक्षा बलों ने संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और माओवादी गतिविधियों से जुड़ी सामग्री बरामद की है। यह कार्रवाई रामपचोडावरम के जंगल क्षेत्र में की गई, जहां आंध्र प्रदेश स्पेशल पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान जंगल क्षेत्र में छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा सामने आया।
बरामद सामग्री में 670 जिंदा बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (BGL) शेल, 42 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और 250 ग्राम बारूद शामिल हैं। इसके अलावा कॉर्डेक्स के 25 टुकड़े, 12 विस्फोटक रिंग और भर्मार के सात जिंदा कारतूस भी मिले हैं। सुरक्षा बलों को तलाशी के दौरान 62 एमएम मोर्टार के 16 खाली खोखे, छह मीटर फ्यूज और चिकित्सा सामग्री भी बरामद हुई है।
इस संयुक्त अभियान में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री की बरामदगी को सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है। जंगलों और दुर्गम इलाकों में सर्चिंग अभियान के जरिए ऐसी सामग्री का पता लगाना सुरक्षा बलों के लिए महत्वपूर्ण चुनौती है। बरामद सामग्री से क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों से जुड़े पुराने ठिकानों और छिपाकर रखे गए सामान की मौजूदगी का पता चलता है।
आंध्र प्रदेश में हुई यह कार्रवाई एक बार फिर बताती है कि जंगल और अंदरूनी इलाकों में सुरक्षा बलों का सर्चिंग अभियान लगातार जारी है।