100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने की औचक जांच, दस्तावेजों से लेकर CCTV और कर्मचारियों के वेरिफिकेशन तक खंगाले रिकॉर्ड
रायपुर। 30अगस्त 2026/राजधानी रायपुर में संदिग्ध और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने रविवार को बड़ा अभियान चलाया। शहर के अलग-अलग इलाकों में संचालित 30 स्पा सेंटरों पर एक साथ औचक जांच की गई। कार्रवाई के लिए पुलिस ने 15 विशेष टीमें गठित की थीं, जिनमें राजपत्रित अधिकारियों समेत 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
पुलिस ने रायपुर के तीनों जोन में एक साथ स्पा सेंटरों की जांच की। इस दौरान सेंटरों के दस्तावेज, कर्मचारियों का वेरिफिकेशन, CCTV कैमरों की स्थिति और रिकॉर्डिंग व्यवस्था समेत अन्य जरूरी रिकॉर्ड की बारीकी से पड़ताल की गई।
दो स्पा सेंटरों में मिलीं आपत्तिजनक वस्तुएं
सघन जांच के दौरान डीडी नगर थाना क्षेत्र के एलिना स्पा सेंटर और पंडरी थाना क्षेत्र के अंबुजा मॉल स्थित ला थाई स्पा सेंटर में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने दोनों सेंटरों के मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कानूनी कार्रवाई की।
CCTV और कर्मचारियों के रिकॉर्ड पर भी नजर
जांच के दौरान पुलिस टीमों ने CCTV कैमरों की कार्यप्रणाली, रिकॉर्डिंग क्षमता और उपलब्ध रिकॉर्ड को भी जांचा। साथ ही कर्मचारियों के सत्यापन और स्पा सेंटरों से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की गई। पुलिस का फोकस नियमों के पालन और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की पहचान पर रहा।
आगे भी जारी रहेगा औचक जांच अभियान
पुलिस कमिश्नरेट ने संकेत दिया है कि शहर के स्पा सेंटरों पर निगरानी और औचक जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस के मुताबिक नियमों की अनदेखी, संदिग्ध गतिविधि या किसी भी तरह की अवैधानिक गतिविधि सामने आने पर संबंधित संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
30 स्पा सेंटरों पर एक साथ हुई इस कार्रवाई से राजधानी में संचालित स्पा सेंटरों पर पुलिस की सख्ती और निगरानी का स्पष्ट संदेश गया है।