मुंबई। अब मुंबई का सफर सिर्फ रफ्तार का नहीं, बल्कि सुरों का भी होगा। मुंबई कोस्टल रोड पर देश की पहली ‘म्यूजिकल रोड’ (मेलोडी रोड) तैयार की गई है, जहां तय गति से वाहन चलाने पर टायर और सड़क के घर्षण से ऑस्कर विजेता गीत ‘जय हो’ की मधुर धुन सुनाई देगी।
यह अनूठा प्रयोग नरीमन प्वाइंट से वर्ली की ओर जाने वाले मार्ग पर किया गया है। सड़क पर विशेष प्रकार के ग्रूव्स (खांचे) बनाए गए हैं, जिन पर वाहन लगभग 70–80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गुजरते हैं तो टायरों की कंपन से ‘जय हो’ की धुन उत्पन्न होती है।
इस तकनीक का उपयोग पहले हंगरी में किया जा चुका है और भारत में इसे पहली बार लागू किया गया है। इस अभिनव पहल की परिकल्पना पूर्व सांसद राहुल शेवाले ने की थी, जिसे बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने साकार रूप दिया।
इस ‘मेलोडी रोड’ का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि वाहन चालकों को निर्धारित गति में वाहन चलाने के लिए प्रेरित करना भी है। सही रफ्तार में चलने पर ही धुन स्पष्ट सुनाई देगी, जिससे सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश भी दिया जा रहा है।
मुंबई की यह पहल न सिर्फ तकनीकी नवाचार का उदाहरण है, बल्कि शहर के सफर को एक नया, यादगार अनुभव देने की दिशा में भी बड़ा कदम मानी जा रही है।
मुंबई में गूंजेगी ‘जय हो’ की धुन: देश की पहली म्यूजिकल रोड बनी आकर्षण का केंद्र