दिल्ली के सत्य निकेतन हादसे में दुर्ग के 20 वर्षीय छात्र की मौत, परिवार में पसरा मातम

दुर्ग, 7 सितंबर 2026। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को हुए दर्दनाक इमारत हादसे में छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के 20 वर्षीय छात्र युवराज सोनी की मौत हो गई। युवराज दिल्ली विश्वविद्यालय के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में B.Com द्वितीय वर्ष का छात्र था और पढ़ाई के सिलसिले में सत्य निकेतन स्थित बॉयज पीजी में रह रहा था।

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे सत्य निकेतन में एक इमारत में निर्माण और मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान इमारत का एक हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे में कई लोग मलबे में दब गए। राहत और बचाव के लिए पुलिस, दमकल विभाग, कैट एंबुलेंस समेत अन्य आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं।

बेसमेंट में खुदाई के दौरान पिलर खिसकने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इमारत के बेसमेंट में खुदाई और मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान एक पिलर खिसकने के कारण इमारत का हिस्सा ढहने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

दुर्ग में परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

युवराज की मौत की खबर जैसे ही दुर्ग स्थित उसके परिवार तक पहुंची, घर में मातम छा गया। पढ़ाई और बेहतर भविष्य का सपना लेकर दिल्ली गए युवराज की इस तरह हादसे में मौत से परिजन और परिचित गहरे सदमे में हैं। हादसे ने परिवार की खुशियों को पलभर में गम में बदल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *