शाही तालाब में मौत को मात: युवती को डूबने से बचाने के लिए पुलिसकर्मियों ने लगाई जान की बाजी

4जून2026

आगरा के फतेहपुर सीकरी में  बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवती अचानक ऐतिहासिक शाही तालाब में कूद गई। तालाब के गहरे पानी में युवती को डूबता देख मौके पर मौजूद दो पुलिसकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत तालाब में छलांग लगा दी और साहसिक प्रयास करते हुए उसकी जान बचा ली। पुलिसकर्मियों की बहादुरी और त्वरित कार्रवाई की अब पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।

जानकारी के अनुसार, फतेहपुर सीकरी थाने में पदस्थ आरक्षी दीपक सोलंकी और सागर बुधवार शाम एक शिकायत की जांच पूरी कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ग्वालियर गेट के पास स्थित शाही तालाब में करीब 20 वर्षीय युवती को कूदते हुए उन्होंने देखा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए दोनों जवानों ने तुरंत थाना पुलिस को सूचना दी और बिना किसी देरी के तालाब में उतर गए।

कुछ ही देर में थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। गहरे पानी और कठिन परिस्थितियों के बीच दोनों आरक्षियों ने काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बताया गया कि अस्पताल पहुंचने तक युवती बेहोशी की हालत में थी।

घटना की सूचना मिलते ही युवती के परिजन और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि पुलिसकर्मी कुछ मिनट भी देर कर देते तो बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने आरक्षी दीपक सोलंकी और सागर की बहादुरी को सलाम करते हुए कहा कि उनकी सूझबूझ और तत्परता की वजह से एक अनमोल जिंदगी बच सकी।

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर लोगों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने से भी पीछे नहीं हटती। दोनों पुलिसकर्मियों की इस वीरता की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *