IIIT हॉस्टल में हाईटेक चोरी से हड़कंपपरीक्षा देने गए छात्र, पीछे से हॉस्टल से पार हुए 15 से ज्यादा लैपटॉप

13मई2026

राजधानी रायपुर के नया रायपुर स्थित International Institute of Information Technology Naya Raipur में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब परीक्षा देकर लौटे छात्रों को अपने कमरों से लैपटॉप गायब मिले। जानकारी के मुताबिक कॉलेज हॉस्टल से 15 से ज्यादा लैपटॉप चोरी हो गए हैं, जिनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
बताया जा रहा है कि वारदात उस समय हुई जब छात्र परीक्षा देने कॉलेज गए हुए थे। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक कामकाज का बहाना बनाकर हॉस्टल परिसर में दाखिल हुआ और खाली कमरों को निशाना बनाते हुए एक-एक कर कई लैपटॉप लेकर फरार हो गया। छात्रों का कहना है कि हॉस्टल में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर थी, जिसका फायदा चोर ने आसानी से उठा लिया।
घटना का खुलासा तब हुआ जब छात्र परीक्षा खत्म कर वापस हॉस्टल पहुंचे। कमरे खुले देख और सामान गायब पाकर उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते पूरे हॉस्टल में हड़कंप मच गया और कॉलेज प्रबंधन को सूचना दी गई। बाद में पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों में एक संदिग्ध युवक बैग के साथ आते-जाते दिखाई दिया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है। वहीं इस बड़ी चोरी की घटना ने कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रों ने मांग की है कि हॉस्टल में सुरक्षा और निगरानी को तुरंत मजबूत किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *