13मई 2026
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्लीराजहरा इलाके में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। बीएसपी के सीवरेज लाइन विस्तार प्रोजेक्ट के तहत चल रही खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई, जिससे 10 फीट गहरे गड्ढे में काम कर रहे तीन मजदूर जिंदा दब गए। हादसे में दो पुरुष और एक महिला मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना दास पान ठेला चौक के पास हुई, जहां सीवरेज पाइपलाइन बिछाने का काम जारी था। बताया जा रहा है कि मजदूर गहरे गड्ढे में उतरकर पाइप फिटिंग का काम कर रहे थे, तभी अचानक किनारों की मिट्टी भरभराकर नीचे गिर गई। मिट्टी इतनी तेजी से धंसी कि मजदूरों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिल सका।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस, प्रशासन और बीएसपी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद मजदूरों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान किशुन कुमार, राकेश कुमार और बैशाखिन के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में भारी लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि मजदूरों को बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के गहरे गड्ढे में उतारा गया था। न तो सुरक्षा बैरिकेडिंग की व्यवस्था थी और न ही मिट्टी धंसने से बचाने के जरूरी उपाय किए गए थे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रशासन यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि हादसा तकनीकी लापरवाही से हुआ या सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।