कोरबा। 10सितम्बर 2026/जिले के प्रसिद्ध सतरेगा पर्यटन स्थल स्थित रिसॉर्ट में उस समय पर्यटकों और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 8 फीट लंबा किंग कोबरा विद्युत मीटर बोर्ड के पीछे छिपा मिला। सूचना मिलते ही रेस्ट हाउस मैनेजर इस्तिखार खान ने वन विभाग और नोवा नेचर संस्था के सदस्य जितेंद्र सारथी को जानकारी दी।
सूचना पर जितेंद्र सारथी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन में सबसे पहले विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद बेहद संकरी जगह में छिपे किंग कोबरा को सावधानीपूर्वक बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने किंग कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक मौके पर जुट गए और लोग अपने मोबाइल फोन से रेस्क्यू का वीडियो बनाते नजर आए। टीम ने लोगों को सांप से सुरक्षित दूरी पर रखा। पंचनामा की कार्रवाई के बाद किंग कोबरा को उसके अनुकूल प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
वन विभाग के अनुसार कोरबा जिले के लेमरू, बालको, पसरखेत, करतला, कुदमुरा और आसपास के वन क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से छोटे आकार के किंग कोबरा भी सामने आ रहे हैं। लगातार किंग कोबरा मिलने को क्षेत्र में इनके अनुकूल प्राकृतिक आवास और संभावित प्रजनन की मौजूदगी का संकेत माना जा रहा है। हालांकि, इनकी वास्तविक संख्या और आबादी की स्थिति जानने के लिए वैज्ञानिक अध्ययन जरूरी है।
वहीं, किंग कोबरा समेत वन्यजीवों के प्रति स्थानीय लोगों में जागरूकता भी बढ़ रही है। अब लोग सांप को नुकसान पहुंचाने के बजाय वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दे रहे हैं। वन विभाग और नोवा नेचर ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सांप के दिखाई देने पर उससे दूरी बनाए रखें और खुद पकड़ने का प्रयास न करें।