अंबिकापुर17सितम्बर 2026/शहर की बदहाल सड़कों और बड़े-बड़े गड्ढों की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए बैले डांसर सिद्धार्थ यादव ने अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने खरसिया चौक के पास सड़क के गड्ढों के बीच बैले डांस कर सड़क की स्थिति को उजागर किया। उनका यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ।
वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से दूरभाष पर चर्चा कर सड़क की स्थिति की जानकारी ली और खरसिया चौक का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने सड़क के बड़े गड्ढों को भरने, समतलीकरण कराने और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने को कहा है। अधिक यातायात वाले स्थानों पर पुलिस और यातायात विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षित एवं सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्माणाधीन और क्षतिग्रस्त सड़कों की नियमित निगरानी करने तथा मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। बारिश के दौरान जलभराव, सड़क कटाव या अन्य समस्या वाले स्थानों पर चेतावनी संकेतक और बैरिकेडिंग लगाने के साथ जरूरत के अनुसार वैकल्पिक यातायात व्यवस्था करने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान खराब सड़कों के कारण नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो। सड़क चाहे राष्ट्रीय राजमार्ग की हो, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय या किसी अन्य एजेंसी की—जिला प्रशासन संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करे।