उत्तरप्रदेश 17सितंबर 2026/प्रतापगढ़ में बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक पर अचानक बकरियों का झुंड आ जाने से बड़ा हादसा हो गया। हथिगवां थाना क्षेत्र में कृष्णा राम का पुरवा के पास प्रयागराज-लखनऊ रेलखंड पर लखनऊ से प्रयागराज जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से करीब 30 से 35 बकरियों की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि ट्रेन जब रेलवे फाटक के पास से गुजर रही थी, उसी दौरान आसपास मौजूद बकरियां अचानक ट्रैक पर पहुंच गईं। तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के वक्त कुछ महिलाएं भी रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं। ट्रेन को नजदीक आता देखकर महिलाओं ने समय रहते ट्रैक से हटकर अपनी जान बचाई। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हादसे के कारण कुछ देर तक रेलवे फाटक के आसपास लोगों की भीड़ जमा रही। बकरियों की मौत से पशुपालकों में निराशा है। मामले को लेकर रेलवे और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।