पन्ना में मौत का कुआं! मिट्टी धंसते ही जिंदा दफन हुए 5 मजदूर, गांव में पसरा मातम

27मई 2026

मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। ग्राम बिहारपुरवा में निर्माणाधीन कुएं की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई, जिससे वहां काम कर रहे पांच मजदूर मलबे में दब गए। हादसा इतना अचानक हुआ कि मजदूरों को संभलने या बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मजदूर काफी गहराई में उतरकर कुएं की खुदाई कर रहे थे। तभी कुएं की दीवार और ऊपर की ढीली मिट्टी भरभराकर नीचे गिर पड़ी। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बचाव शुरू किया और जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाने की कोशिश की। सूचना मिलने के बाद प्रशासन, पुलिस और राहत दल भी मौके पर पहुंचे, लेकिन करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी मजदूरों को मृत अवस्था में बाहर निकाला गया।

मृतकों की पहचान चुन्नू यादव, रामपाल यादव, राजुमार यादव, आशीष यादव और चुनवाद पाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इनमें से अधिकांश एक ही परिवार से जुड़े थे और लंबे समय से मजदूरी का काम करते थे। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि जिस जगह कुआं खोदा जा रहा था, वहां की मिट्टी पहले से कमजोर थी और खतरे की आशंका के बावजूद काम जारी रखा गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए जाते तो मजदूरों की जान बच सकती थी। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *