27मई 2026
जगदलपुर। विकासखंड बस्तर के ग्राम खोरखोसा में आयोजित सुशासन तिहार शिविर ग्रामीणों के लिए राहत और भरोसे का मंच बनकर उभरा। शासन की योजनाओं का लाभ सीधे गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न योजनाओं का लाभ लिया। शिविर में लोगों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुनते हुए कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित समाधान का भरोसा अधिकारियों ने दिया।
शिविर में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें शासन की योजनाओं की जानकारी दी और जरूरतमंदों को अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोष बघेल, जिला पंचायत सदस्य शकुंतला कश्यप, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप, एसडीएम गगन शर्मा, जनपद पंचायत सीईओ भानुप्रताप चुरेंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
शिविर में राजस्व विभाग द्वारा कई ग्रामीणों को डिजिटल पट्टा, खसरा और बी-वन दस्तावेज वितरित किए गए। श्रम विभाग की योजनाओं के तहत हितग्राहियों को आर्थिक सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना और मिनीमाता महतारी जतन योजना से भी पात्र हितग्राहियों को लाभ मिला। वहीं किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से खाद-बीज और कृषि आदान सामग्री वितरित की गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिला स्व-सहायता समूहों को लाखों रुपए की सहायता राशि देकर आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड वितरण, नेत्र परीक्षण, सिकलसेल जांच और क्षय रोग से पीड़ित मरीजों को पोषण सामग्री उपलब्ध कराई गई। दिव्यांग हितग्राही को बैसाखी भी प्रदान की गई। इसके अलावा उद्यानिकी विभाग ने किसानों को बीज मिनीकिट वितरित किए, जबकि मत्स्य पालन विभाग द्वारा मत्स्यपालकों को आइस बॉक्स प्रदान किए गए। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत भी कई हितग्राहियों को मौके पर स्वीकृति दी गई।
ग्रामीणों ने शिविर को शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने वाली प्रभावी पहल बताते हुए प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।