27मई 2026
राजनांदगांव जिले में पुलिस विभाग के भीतर अनुशासनहीनता का मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरक्षकों को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना सोमनी में पदस्थ आरक्षक हेमंत अनंत और भूपेंद्र ध्रुव 25 मई की रात करीब 10 बजे पुलिस परिवार बैरक परिसर में शराब सेवन करते पाए गए। मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की, जिसके बाद एसपी अंकिता शर्मा ने तत्काल प्रभाव से दोनों आरक्षकों को सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए।
निलंबन के साथ ही दोनों पुलिसकर्मियों को रक्षित केंद्र अटैच कर दिया गया है। वहीं पूरे मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि पुलिस विभाग की छवि खराब करने और ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता बरतने के मामले में यह कार्रवाई की गई है।
एसपी अंकिता शर्मा की इस सख्त कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने के बड़े संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि विभाग में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।