दंतेवाड़ा में बाहरी व्यक्तियों पर पुलिस की सख्ती, बिना सत्यापन रह रहे 7 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

दंतेवाड़ा, 06 अगस्त 2026। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना क्षेत्र में पुलिस ने बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना स्थानीय थाना में सूचना दिए और मुसाफिरी दर्ज कराए रह रहे सात बाहरी व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ग्राम हारम स्थित धीरज ऑटो मोबाइल गैरेज का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान झारखंड और उत्तर प्रदेश से आए सात लोग बिना आवश्यक सूचना दिए निवास और कार्य करते मिले। पुलिस ने सभी के गृह थानों से आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी मांगी है तथा भविष्य में स्थानीय थाना में अनिवार्य रूप से मुसाफिरी दर्ज कराने की समझाइश दी है। दंतेवाड़ा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा और आम नागरिकों, मकान मालिकों व प्रतिष्ठान संचालकों से अपने यहां रहने या काम करने वाले बाहरी व्यक्तियों की जानकारी संबंधित थाना में देकर मुसाफिरी दर्ज कराने की अपील की है। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या छत्तीसगढ़ शासन के टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 पर देने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *