ओडिशा के जंगल में दिखे ऑरंगुटान जैसे 5 जानवर, वन विभाग ने किया रेस्क्यू; विदेशी प्रजाति होने का शक

बालासोर, 8 सितंबर। ओडिशा के बालासोर जिले के भोगराई ब्लॉक स्थित बिचित्रपुर जंगल में मंगलवार को पांच अनोखे जानवर मिलने से वन विभाग में हलचल बढ़ गई। ये जानवर देखने में ऑरंगुटान जैसे नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पांचों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

इन जानवरों को जांच के लिए पशु चिकित्सालय ले जाया गया है, जहां उनके स्वास्थ्य और शारीरिक स्थिति की जांच की जा रही है। हालांकि, वन विभाग ने अभी इनकी प्रजाति की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

वन एवं पर्यावरण सुरक्षा मंत्री गणेश रामसिंह खूंटिया के मुताबिक, सभी जानवर करीब 1 से 2 साल की उम्र के हैं और ऐसी प्रजाति ओडिशा या भारत में सामान्य रूप से नहीं पाई जाती। उन्होंने आशंका जताई कि इनके पीछे किसी अंतरराष्ट्रीय वन्यजीव तस्करी रैकेट का हाथ हो सकता है।

मामले की जानकारी वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो (WCCB) को दी गई है। अब एयरपोर्ट, रेलवे और अन्य स्थानों के CCTV फुटेज खंगाले जाएंगे, ताकि पता लगाया जा सके कि ये जानवर बिचित्रपुर के जंगल तक कैसे पहुंचे।

फिलहाल पांचों जानवरों को निगरानी में रखा गया है। उन्हें आगे नंदनकानन ले जाकर क्वारंटाइन किए जाने की तैयारी है। इनकी असली प्रजाति और जंगल तक पहुंचने की पूरी कहानी जांच के बाद ही साफ होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *