सुकमा, 14अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में मेट्टागुड़म कैंप में पदस्थ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के उपनिरीक्षक देवानंद यादव की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर की मध्यरात्रि लगभग 12 बजे से 12:30 बजे के बीच उन्होंने अज्ञात कारणों से अपने सर्विस हथियार से खुद को गोली मार ली।
घटना की जानकारी मिलते ही कैंप में मौजूद साथी जवानों और अधिकारियों ने उन्हें तत्काल फील्ड एंबुलेंस के माध्यम से इल्मागुड़ा कैंप पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मृत उपनिरीक्षक देवानंद यादव, पिता रामानंद यादव, 131वीं वाहिनी सीआरपीएफ के अंतर्गत मेट्टागुड़म कैंप में पदस्थ थे।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उपनिरीक्षक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पार्थिव शरीर का नियमानुसार पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे उनके गृह ग्राम भेजने की व्यवस्था की जा रही है। फिलहाल घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।