रायपुर तहसील कार्यालय में बवाल: नकल कॉपी को लेकर वकीलों का हंगामा, कर्मचारी से जाति पूछने और धक्का-मुक्की का VIDEO वायरल
रायपुर। राजधानी के तहसील कार्यालय में नकल कॉपी को लेकर जमकर हंगामा हो गया। कुछ वकीलों और कर्मचारियों के बीच शुरू हुई बहस देखते ही देखते तीखी झड़प में बदल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर एक कर्मचारी से उसकी जाति पूछते हुए गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करते हुए देखा जा सकता है।
नकल कॉपी में देरी और पैसों की मांग का आरोप
जानकारी के मुताबिक, हाईकोर्ट में अपील दायर करने के लिए जरूरी दस्तावेजों की प्रमाणित नकल समय पर उपलब्ध नहीं कराई गई। आरोप है कि दस्तावेज देने के एवज में पैसों की मांग की गई, जिससे नाराज वकीलों ने विरोध जताया। इसी दौरान बहस बढ़ी और मामला हंगामे तक पहुंच गया।
तहसीलदार से भी की गई अभद्रता
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान तहसीलदार राममूर्ति दीवान के लिए भी अपशब्द कहे गए। एक कर्मचारी से बार-बार उसका नाम और जाति पूछे जाने तथा मारपीट की धमकी देने के आरोप सामने आए हैं। हालांकि हंगामा करने वाले वकीलों की पहचान अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मंत्री पर भी लगे आरोप
वायरल वीडियो में कथित तौर पर प्रदेश के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा पर भी पैसों के लेन-देन से जुड़े आरोप लगाए जाते सुनाई दे रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वकील संघ का पक्ष
वकील भगवानू नायक का कहना है कि तहसील कार्यालय आम जनता के कामकाज का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में यदि किसी भी कर्मचारी द्वारा अतिरिक्त पैसे की मांग की जाती है तो यह पूरी तरह गलत है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
जांच के निर्देश
तहसीलदार ने दोनों पक्षों से पूछताछ कर मामले की जांच की बात कही है। फिलहाल तहसील कार्यालय और वकील संघ के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।
दस्तावेज के बदले पैसों की मांग का आरोप: वकीलों ने तहसील दफ्तर में किया हंगामा