रायपुर। 8सितंबर 2026सरगुजा जिले के शिवपुर एकलव्य आवासीय विद्यालय की छात्राओं के अपनी समस्याओं को लेकर पैदल कलेक्टोरेट जाने की घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से फोन पर बात कर पूरे मामले की जानकारी ली और तत्काल जांच के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्राओं को अपनी बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए विद्यालय से पैदल निकलना पड़े, यह किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने विद्यालय में बिजली, शिक्षकों की कमी, नियमित पढ़ाई, मेस और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याओं को तत्काल दूर करने को कहा। साथ ही आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों की नियमित समीक्षा और अधिकारियों के सतत निरीक्षण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी अंचलों के बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन को छात्राओं से लगातार संवाद बनाए रखने और व्यवस्थाओं में किए जा रहे सुधारों की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
सरगुजा एकलव्य स्कूल की छात्राओं के पैदल निकलने पर CM साय सख्त, कलेक्टर से मांगी जांच रिपोर्ट