कोरबा में आग का कहर: कार्बन फैक्ट्री धधकी, केमिकल से भड़की विकराल लपटें, आसपास के उद्योगों पर मंडराया खतरा

कोरबा, 25 जुलाई 2026। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार को एक कार्बन फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। फैक्ट्री में मौजूद कार्बन और ज्वलनशील केमिकल के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के कुछ ही मिनटों में ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का घना गुबार आसमान में छा गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों द्वारा लगातार पानी के साथ फोम का भी इस्तेमाल किया जा रहा है ताकि आग को जल्द से जल्द नियंत्रित किया जा सके।

प्रशासन की सबसे बड़ी चुनौती आग को आसपास स्थित अन्य फैक्ट्रियों तक फैलने से रोकना है। इसके लिए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा घेरा बनाकर राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। अधिकारियों ने आसपास के औद्योगिक प्रतिष्ठानों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं। वहीं, घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है, लेकिन आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है और आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *