13मई 2026
दिल्ली में एक नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उत्तराखंड के हल्द्वानी की रहने वाली 27 वर्षीय निशा परवीन की शादी को अभी महज छह दिन ही हुए थे कि उसकी जिंदगी खत्म कर दी गई। आरोप है कि पति मोहम्मद एजाज ने गला घोंटकर निशा की हत्या कर दी और फिर शव को बेड के अंदर छिपाकर फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, निशा की शादी 26 अप्रैल को दिल्ली के लक्ष्मणपुरी इलाके में रहने वाले एजाज से हुई थी। परिवार ने बेटी की खुशहाल जिंदगी के लिए शादी में फर्नीचर और घरेलू सामान भी दिया था। लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद रिश्ते में तनाव शुरू हो गया। आरोप है कि 2 मई को एजाज ने निशा की हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को कमरे के बेड बॉक्स में छिपा दिया और मौके से भाग निकला। कई दिनों तक कमरा बंद रहा। जब पड़ोसियों को कमरे से तेज बदबू आने लगी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो बेड के अंदर से महिला का शव बरामद हुआ।
घटना की जानकारी मिलने के बाद निशा का परिवार सदमे में आ गया। परिजनों का आरोप है कि इस हत्या में केवल पति ही नहीं बल्कि दो और लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। दिल्ली पुलिस ने मुख्य आरोपी एजाज को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला अवैध संबंधों के शक से जुड़ा बताया जा रहा है। वहीं, पोस्टमार्टम के बाद शव को हल्द्वानी लाया गया, जहां परिवार ने नम आंखों से अंतिम संस्कार किया। इस दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।