13मई 2026
पंडरीपानी में आयोजित सुशासन तिहार शिविर बुधवार को ग्रामीणों के लिए सरकारी योजनाओं का बड़ा मंच बनकर सामने आया। शिविर में प्रशासन ने एक ही जगह पर स्वास्थ्य, आवास, कृषि, राशन, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी कई योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाया। इस दौरान बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों को जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने ग्रामीणों को शासन की सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए डिजिटल किसान किताब, खसरा और बी-वन की प्रतियां उपलब्ध कराने के साथ वनाधिकार मान्यता पत्रों के फौती नामांतरण की प्रक्रिया तेज करने को कहा। उन्होंने शिविरों में स्वास्थ्य जांच को अनिवार्य रूप से शामिल करने, ग्रामीणों की नियमित जांच और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। खास तौर पर मोतियाबिंद पीड़ितों की पहचान कर उनका ऑपरेशन जिला अस्पताल या मेडिकल कॉलेज में कराने की बात कही गई। इसके अलावा दिव्यांगजनों के परीक्षण और कृत्रिम उपकरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत महिलाओं को लाभ पहुंचाया गया। साथ ही अन्नप्राशन और गोदभराई जैसे कार्यक्रमों के जरिए सामाजिक सरोकारों को भी महत्व दिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत हितग्राहियों को नए मकानों की चाबियां सौंपते हुए उनके अपने घर का सपना पूरा किया गया।
कृषि और सहकारिता विभाग ने किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए, वहीं कृषि एवं उद्यानिकी विभाग ने रागी बीज, आम और ऑयल पॉम के पौधे देकर खेती में नवाचार की दिशा में प्रेरित किया। मत्स्य विभाग ने हितग्राहियों को मछली पकड़ने के जाल प्रदान किए, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड और सिकलिन कार्ड जारी कर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुरक्षा से जोड़ा।
खाद्य विभाग द्वारा जरूरतमंद परिवारों को नए राशन कार्ड दिए गए और राजस्व विभाग ने जाति प्रमाण पत्र वितरित किए। वहीं आदिवासी विकास विभाग ने छात्रावासों में रहकर 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणादायक संदेश दिया। पशुधन विकास विभाग ने भी सूकरपालन को बढ़ावा देने के लिए हितग्राहियों को अनुदान स्वीकृति प्रमाण पत्र सौंपे।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत जगदलपुर अध्यक्ष पदलाम नाग, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।