30मई 2026
बालोद। जिले के एक सरकारी कार्यालय से सामने आए वीडियो ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि धान संग्रहण केंद्र में पदस्थ कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर को ही शराब पार्टी का ठिकाना बना दिया। वायरल वीडियो में कुछ कर्मचारी सरकारी दफ्तर के भीतर बैठकर शराब का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं, जिससे सरकारी कार्यप्रणाली और अनुशासन पर गंभीर प्रश्न उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मामला बालोद जिले के मालीघोरी धान संग्रहण केंद्र का है। वीडियो में कथित तौर पर एक दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी अपने साथियों के साथ कार्यालय के अंदर शराब पार्टी करता नजर आ रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जहां सरकारी दस्तावेज और अभिलेख रखे जाने चाहिए, वहां अलमारी में शराब की बोतलें रखी हुई दिखाई दे रही हैं। वहीं कर्मचारियों के बीच जाम छलकाने का दृश्य भी कैमरे में कैद हुआ है।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि सरकारी कर्मचारी जनता की सेवा के लिए नियुक्त किए जाते हैं, लेकिन यदि कार्यालय ही शराबखोरी का केंद्र बन जाए तो सरकारी व्यवस्था की गंभीरता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
मामले में संबंधित विभाग के अधिकारियों की भूमिका को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। जब विभागीय अधिकारी से इस संबंध में संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने अवकाश पर होने की बात कहकर कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी। इससे यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होगी और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अब सबकी निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं। देखना होगा कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच के आदेश दिए जाते हैं या फिर मामला केवल चर्चा तक ही सीमित रह जाता है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई होना तय माना जा रहा है।