श्मशान में मिला रहस्यमयी कंकाल! खोपड़ी और हड्डियों ने बढ़ाई सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

30मई 2026

दुर्ग शहर के रायपुर नाका स्थित श्मशान घाट में उस समय सनसनी फैल गई, जब कब्रों के आसपास मानव खोपड़ी, हड्डियां और कंकाल के अवशेष मिलने की सूचना सामने आई। सुबह श्मशान पहुंचे लोगों ने कब्र के पास बिखरे मानव अवशेष देखे, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही स्मृति नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक निरीक्षण के दौरान पुलिस को प्लास्टिक की झिल्ली में लिपटा एक कंकाल भी मिला, जिससे मामला और रहस्यमय हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य और नमूने एकत्र कर जांच के लिए सुरक्षित किया।
मानव अवशेषों की बरामदगी के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। यह अवशेष किसी पुराने दफन शव के हैं या फिर किसी असामाजिक गतिविधि का नतीजा, इसका जवाब फिलहाल जांच के बाद ही सामने आएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय लोगों ने घटना के बाद श्मशान घाट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यहां पर्याप्त निगरानी और सुरक्षा के इंतजाम नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ सकती हैं। वहीं पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि श्मशान घाट में मिले इन अवशेषों के पीछे की असली कहानी क्या है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *