दंतेवाड़ा, 05 अगस्त 2026। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला अस्पताल की पार्किंग से चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद कर आदतन वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक जब्त कर उसे न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार 2 अगस्त 2026 को जिला अस्पताल दंतेवाड़ा की पार्किंग से मोटरसाइकिल क्रमांक CG 18 R 0950 चोरी हो गई थी। मामले की रिपोर्ट 4 अगस्त को थाना दंतेवाड़ा में दर्ज कराई गई। शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक चन्द्रमोहन सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर संदेही आकाश नाग (24 वर्ष) निवासी संजय नगर, दंतेवाड़ा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथी मोहन कुंजाम के साथ मिलकर बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर नर्सरी रोड से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली गई।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आकाश नाग पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। जेल से रिहा होने के कुछ समय बाद ही उसने फिर से वाहन चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक पंकज धर, पीएसआई अंकित सोनी, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र भारती, गुरुवंता बर्गे, बिरेन्द्र नाग तथा डीएसएफ आरक्षक गोपाल पुजारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।